मध्यप्रदेश शासन के अनुसूचित जाति कल्याण विभाग द्वारा जारी निर्देशानुसार विदिशा जिले में अनुसूचित जाति विकास एवं जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित उत्कृष्ट छात्रावासों में विषयवार शिक्षकों (कोचिंग हेतु) की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 07 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक अपने आवेदन जिला संयोजक कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
जारी सूचना के अनुसार शिक्षकों को प्रति कालखंड 300 रुपये की दर से मानदेय प्रदान किया जाएगा तथा एक माह में अधिकतम 20 कालखंडों का मानदेय देय होगा। विभिन्न कक्षाओं के लिए गणित, अंग्रेजी, विज्ञान, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, जीव विज्ञान एवं कंप्यूटर सामान्य ज्ञान विषयों के लिए शिक्षकों की आवश्यकता निर्धारित की गई है। प्रत्येक विषय हेतु एक-एक शिक्षक की नियुक्ति की जाएगी।
निर्धारित योग्यता के अनुसार 9वीं एवं 10वीं कक्षाओं के लिए संबंधित विषय में स्नातक स्तर पर न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है, जबकि 11वीं एवं 12वीं कक्षाओं के लिए संबंधित विषय में स्नातकोत्तर स्तर पर न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक आवश्यक होगा। कंप्यूटर सामान्य ज्ञान के कालखंड रविवार को आयोजित किए जाएंगे, जिनके लिए माह में अधिकतम 5 कालखंड का मानदेय निर्धारित है।
चयनित शिक्षकों को कोचिंग कार्य से संबंधित मासिक डायरी संधारित करना अनिवार्य होगा। इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन, व्यक्तिगत एवं शैक्षणिक विवरण के साथ आवश्यक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति संलग्न करते हुए 07 अप्रैल से 15 अप्रैल तक जिला संयोजक कार्यालय, अनुसूचित जाति विकास एवं जनजातीय कार्य विभाग, विदिशा में जमा कर सकते हैं। जिन विषयों के लिए एक-एक शिक्षक की आवश्यकता है उनमें गणित, अंग्रेजी, विज्ञान, कम्प्यूटर सामान्य ज्ञान, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, जीव विज्ञान, अंग्रेजी तथा महाविद्यालयीन स्तर पर अंग्रेजी विषय को पढ़ाने हेतु शिक्षको की आवश्यकता है।
भर्ती से जुड़ी मुख्य जानकारी:
- विषय: गणित, अंग्रेजी, विज्ञान, भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान और कंप्यूटर ज्ञान।
- मानदेय: प्रति कालखंड ₹300 (अधिकतम 20 कालखंड/माह)। कंप्यूटर कक्षाएं केवल रविवार को (अधिकतम 5 कालखंड)।
- योग्यता: 9वीं-10वीं के लिए संबंधित विषय में 60% के साथ स्नातक, 11वीं-12वीं के लिए 60% के साथ स्नातकोत्तर अनिवार्य।
आवेदन प्रक्रिया:
योग्य उम्मीदवार अपने शैक्षणिक दस्तावेजों के साथ, विदिशा में संबंधित जिला संयोजक कार्यालय में अंतिम तिथि (15 अप्रैल 2026) तक आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों के लिए मासिक रिपोर्टिंग (डायरी) अनिवार्य होगी।
