Sunday, March 8, 2026

मैनिट में आठवां जन औषधि दिवस कार्यक्रम का आयोजन, पांच केंद्रों को किया सम्मानित


भोपाल स्थित मैनिट (मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) में 7 मार्च 2026 को 8वां जन औषधि दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। मध्य प्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने इसमें सहभागिता की। इस अवसर पर जनऔषधि केंद्र संचालकों को सम्मानित किया गया और सस्ती जेनेरिक दवाओं के महत्व को रेखांकित किया गया। 


Bhopal: मैनिट परिसर में शनिवार को आठवां जन औषधि दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में सहकारिता एवं खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग शामिल हुए। कार्यक्रम में फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष संजय जैन तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से डा. प्रभाकर तिवारी मौजूद थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जन औषधि परियोजना के महत्व पर प्रकाश डाला गया। देशभर में 18 हजार से अधिक जन औषधि केंद्र संचालित हो रहे हैं, जहां बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां और अन्य स्वास्थ्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।


आम नागरिकों के बीच इस योजना को लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से हर वर्ष सात मार्च को जन औषधि दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के पांच उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जन औषधि केंद्रों को सम्मानित किया गया। विश्वास सारंग ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में संचालित PM भारतीय जन औषधि परियोजना के माध्यम से देशभर में जरूरतमंद नागरिकों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएँ उपलब्ध हो रही हैं। यह योजना आम लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराकर स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बना रही है।


अतिथियों ने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, स्वास्थ्य विशेषज्ञ और नागरिक उपस्थित थे। 

Disclaimer : All rights including copyright belong to the original owner and we do not claim ownership of the content.