मध्यप्रदेश शासन और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम जरूरतमंद बच्चों के जीवन में नई रोशनी ला रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत विगत कई वर्षों से निरंतर स्कूल एवं आंगनबाड़ियों में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है एवं बीमार बच्चों का इलाज निशुल्क करवाया जा रहा है।
इसी कड़ी में सांची विकासखण्ड की राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की स्वास्थ्य टीम के डॉ. दिलीप माहेश्वरी एवं डॉ सुरैया खान नियमित परीक्षण अंतर्गत करहोद स्कूल में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रहे थे। परीक्षण के दौरान कु. पूनम पुत्री माधो सिंह उम्र लगभग 10 साल की जांच के दौरान दिल में छेद होने की संभावना लगी। बीएमओ सांची डॉ रवि राठौर के संज्ञान में मामले को लाकर बच्ची को आगे की जांच के लिए रायसेन भेजा गया, जहां डीईआसी मैनेजर श्रीमती प्रियंका चौहान द्वारा बच्ची की जांच करवाते हुए आगे की जांच के लिए बच्ची को जयप्रकाश चिकित्सालय भोपाल भिजवाया गया।
जांच में दिल की बीमारी की पुष्टि होते ही तुरंत बच्ची को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रायसेन द्वारा एनएचएम मध्यप्रदेश की मदद से श्री सत्य साई हॉस्पिटल अहमदाबाद में ऑपरेशन हेतु भेजा गया। जहां बच्ची का निःशुल्क ऑपरेशन हुआ, बच्ची अब पूर्णतः स्वस्थ्य है और अपने घर पर है। कुमारी पूनम के परिजन सरकार और जिला प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहते हैं कि शासन की योजना की मदद से उनकी बच्ची का निःशुल्क ऑपरेशन हुआ तथा वह पूर्णतः स्वस्थ्य है।
