Bhopal: जिले में संचालित अग्रणी फर्म एलटी फाउंडेशन (दावत राइस) मंडीदीप द्वारा सघन टीबी मुक्त भारत अभियान में सहयोग हेतु मोबाइल डायग्नोस्टिक वैन स्वास्थ्य विभाग को सौंपी गई। स्वास्थ्य विभाग से बीएमओ औबेदुल्लागंज डॉ धर्मेंद्र गौर द्वारा एलटी फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया गया। उल्लेखनीय है कि टीवी उन्मूलन के प्रयासों में सफल होते हुए भारत वर्ष में 2015 से 21 प्रतिशत टीबी केस नोटिफिकेशन में कमी पाई है। साथ ही 25 प्रतिशत मृत्यु दर कम हुई है।
इसी क्रम मे भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार मंत्रालय द्वारा टीबी उन्मूलन हेतु अभियान को फ़रवरी 2026 से पुनः देशभर में प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है।
अभियान के दौरान हाई रिस्क समूह में एक्सरे स्क्रीनिंग कर टीबी रोग की जांच की जाएगी तथा रोग की पुष्टि होने पर 6 माह का उपचार दिया जाएगा।
नि-क्षय मित्र एलटी फाउंडेशन द्वारा दी गई मोबाइल डायग्नोस्टिक वैन के द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में एक्सरे जांच संभव होगी और मरीज को अस्पताल नहीं आना पड़ेगा। ना ही अपने रोजगार से उन्हें जांच हेतु छुट्टी लेना पड़ेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एचएन मानड्रे तथा जिला क्षय अधिकारी डॉ यशपाल बलयान के निर्देशन में एलटी फाउंडेशन निश्चय मित्र द्वारा टीबी मरीजों को फूड बास्केट भी वितरित किए गए। जिससे मरीजों को उपचार के साथ-साथ उचित पोषण भी मिलता है और मरीज जल्द स्वस्थ्य होता है।
टीबी रोगी से छुआछूत की भावना को दूर करने हेतु निश्चय मित्र बनाने का अभियान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2022 में प्रारंभ किया गया था। वर्ष 2025 में जिले में 264000 हाईरिस्क समूह की टीबी रोग हेतु स्क्रीनिंग की गई। जिले में 329351 व्यक्ति टीबी रोग के प्रति उच्च जोखिम समूह में चिन्हित किए गए हैं जिनका स्क्रीनिंग कार्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर किया जा रहा है।
