Wednesday, February 11, 2026

एनसीसी कैडेट्स ने सीखे आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक गुर

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस चंद्रशेखर आज़ाद शासकीय अग्रणी महाविद्यालय में कार्यालय कलेक्टरेट से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में आपदा प्रबंधन विषय पर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. शीलचंद्र गुप्ता के संरक्षण एवं एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट डॉ. कमलेश अहिरवार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।


प्रशिक्षण कार्यक्रम में 11वीं बटालियन एनडीआरएफ, वाराणसी की विशेषज्ञ टीम ने भाग लेकर एनसीसी कैडेट्स को आपदा के समय स्वयं की सुरक्षा तथा अन्य लोगों की सहायता करने के प्रभावी और व्यावहारिक तरीकों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। एनडीआरएफ टीम के इंस्पेक्टर श्री निलेश दीवानिया एवं उनके सहयोगियों ने भूकंप, आगजनी तथा अन्य प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों और बचाव उपायों पर प्रकाश डाला।


कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स को फायर फाइटिंग ड्रिल , सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) तथा प्री-हॉस्पिटल ट्रीटमेंट जैसी महत्वपूर्ण जीवन रक्षक तकनीकों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों ने विभिन्न आपात परिस्थितियों का प्रदर्शन कर कैडेट्स को त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित किया। प्रशिक्षण सत्र अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहे।


लगभग 60 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर प्रशिक्षण का लाभ उठाया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रशासन ने एनडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त किया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कैडेट्स के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ तथा उनमें आपदा की स्थिति में सेवा, साहस, अनुशासन और नेतृत्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला रहा।

Disclaimer : All rights including copyright belong to the original owner and we do not claim ownership of the content.