Bhopal: सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग भोपाल द्वारा हज यात्रियों के दल का टीकाकरण 13 फरवरी से किया जा रहा है। इसके लिए विभाग द्वारा स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। यह चिकित्सकीय दल 17 फरवरी तक सिंगारचोली गुलमोहर गार्डन स्थित मध्यप्रदेश राज्य हज कमेटी हज हाउस में हज यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण करेगा।
ये सेवाएं सुबह 11.00 से शाम 4.00 बजे तक प्रतिदिन दी जाएगी। 17 फरवरी के बाद टीकाकरण से वंचित हज यात्री जयप्रकाश जिला चिकित्सालय में टीका लगवा सकेंगे। हज यात्रियों को मेनेनजाइटिस एवं पोलियो के टीके लगाए जा रहे हैं। 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को इन्फ्लूएंजा का टीका भी लगाया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार हज यात्रियों का टीकाकरण किया जा रहा है। परीक्षण उपरांत हेल्थ कार्ड भी दिया जा रहा है।
