Thursday, February 12, 2026

दिल्ली गणतंत्र दिवस परेड से लौटीं दामिनी और सिमरन का महाविद्यालय में भव्य स्वागत

राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या (अग्रणी) स्नातकोत्तर महाविद्यालय, विदिशा की एनसीसी कैडेट्स ने जिले और महाविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित 26 जनवरी 2026 की गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होकर लौटने पर एनसीसी कैडेट सार्जेंट दामिनी विश्वकर्मा एवं एलसीपीएल सिमरन अहिरवार का महाविद्यालय परिसर में भव्य स्वागत किया गया।


महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी. डी. अहिरवार, वरिष्ठ प्राध्यापक नीता पांडेय, रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष प्रोफेसर नीता दीक्षित, प्रोफेसर रवि रंजन, डॉ. मनोज अहिरवार, एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. विनीता प्रजापति, महाविद्यालय स्टाफ एवं एनसीसी कैडेट्स की उपस्थिति में दोनों कैडेट्स का पुष्पहार पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर सभी ने मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की और उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।


प्राचार्य डॉ. बी. डी. अहिरवार ने कहा कि यह महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि यहां की छात्राएं देश की सबसे प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस परेड में लगातार सहभागिता कर महाविद्यालय को सम्मान दिला रही हैं। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी लगन, मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।


एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. विनीता प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष की गणतंत्र दिवस परेड में मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ डायरेक्टरेट ने 26 जनवरी 2026 आरडीसी बैनर के अंतर्गत तृतीय स्थान प्राप्त किया है, जो हम सभी के लिए विशेष गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि इतिहास में पहली बार यह उपलब्धि हासिल हुई है, जो कैडेट्स की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है।


उन्होंने आशा व्यक्त की कि अन्य एनसीसी कैडेट्स भी प्रेरित होकर भविष्य में दिल्ली परेड में शामिल होने का लक्ष्य निर्धारित करेंगे।


कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स में उत्साह और जोश देखने लायक था। सभी ने अपनी वरिष्ठ कैडेट्स को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को पूरे महाविद्यालय परिवार की सफलता बताया।

Disclaimer : All rights including copyright belong to the original owner and we do not claim ownership of the content.