आम धारणा है कि टाउन प्लानिंग का क्षेत्र केवल इंजीनियरिंग या आर्किटेक्चर से जुड़ा है, लेकिन वास्तविकता में आर्ट्स के स्टूडेंट्स भी इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कॅरियर बना सकते हैं। भूगोल (ज्योग्राफी), समाजशास्त्र (सोशियोलॉजी), राजनीति विज्ञान (पॉलिटिकल साइंस), अर्थशास्त्र (इकोनॉमिक्स) आदि विषयों से छात्रों में समाज और शहरी संरचना की समझ, जनसंख्या और संसाधनों के व्यवहार पर अंतर्दृष्टि और नीति-निर्माण की समझ मौजूद होती है।
टाउन प्लानिंग केवल तकनीकी नक्शे तैयार करने तक सीमित नहीं है। इस क्षेत्र में शहरी समुदाय, संसाधन वितरण, प्रशासन, सामाजिक योजनाएं और पर्यावरणीय संतुलन जैसे तत्व भी शामिल होते हैं। ऐसे में अपने लिए अवसरों की समझ विकसित करें।
टाउन प्लानिंग की मूल समझ को मजबूत करने के लिए, आर्ट्स छात्र कॉलेज की पढ़ाई के साथ कुछ स्किल आधारित कोर्स कर सकते हैं-
- जीआइएस एंड रिमोट सेसिंगः यह आज की प्लानिंग में सबसे जरूरी कौशल है। जीआइएस (ज्योग्राफिक इंफॉर्मेशन सिस्टम) एंड रिमोट सेंसिंग कोर्स आपको मैपिंग, जोनिंग और शहरी डाटा एनालिसिस सिखोता है। इससे जुड़े कई लाइव ऑन लाइन व वर्कशॉप आधारित कोर्स उपलब्ध हैं जो क्यू जीआइएस जैसे ओपन सोर्स टूल्स सिखाते हैं।
- डाटा एनालिसिस एंड स्पेशल स्टैटिस्टिक्सः शहरों से जुड़े निर्णय अक्सर आंकड़ों पर आधारित होते हैं। एडवांस्ड एक्सेल, एसपीएसएस, पावरबीआई जैसे कौशल छात्रों को डाटा ड्रिवन निर्णय के लिए तैयार करते हैं।
- अरबन स्टडीज एंड स्मार्ट सिटी कोर्सः यह कोर्स छात्रों को शहरी विकास, स्मार्ट सिटी मॉडल, शहरी नीति व पर्यावरणीय समावेशन की व्यापक समझ देते हैं। अलीसन जैसे प्लेटफॉर्म पर अरबन टाउन प्लानिंग एंड डिजाइन जैसे शुरुआती स्तर के फ्री कोर्स उपलब्ध हैं, जो मूल सिद्धांतों को समझाते हैं।
यहां कुछ प्रमुख ऑनलाइन और ऑफलाइन संस्थान / प्लेटफॉर्म्स हैं जहां से आर्ट्स के छात्र बुनियादी से एडवांस्ड तक की टाउन प्लानिंग और संबंधित कोर्स कर सकते हैं-
- एनआइयूएः नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अरबन अफेयर्स ने कुछ ई-लर्निंग कोर्स लॉन्च किए हैं जैसे इंटीग्रेटेड अरबन प्लानिंग यूजिंग जीआइएस बेस्ड टूल्स इन इंडिया। ये कोर्स शहरी डाटा विश्लेषण और स्पेशल मॉडलिंग सिखाते हैं।
- आइआइएसः इंडाका इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स, अरबन जीआइएस और शहरी मैपिंग पर प्रैक्टिकल वर्कशॉप्स ऑफर करता है।
- जीआइएसवीआइः ज्योग्राफिक इंफॉर्मेशन सिस्टम विजन इंडिया, जीआइएस व रिमोट सेंसिंग आधारित शहरी कोर्स, लाइव ऑनलाइन ट्रेनिंग सहित केस स्टडी पर काम करने का अवसर देते हैं।
- आइआइआरएस / इसरो: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग / इसरो, रिमोट सेंसिंग एंड जीआइएस फॉर अरबन स्टडीज जैसे मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्स (मूक) उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स
- अलीसनः अरबन प्लानिंग डिजाइन जैसे विषयों पर कोर्स।
- कोर्सेरा / ईडीएक्सः जीआइएस मैपिंग, स्मार्ट सिटीज, अरबन स्टडीज जैसे कोर्स।
- एनपीटीइएल (आइआइटी): भारत के प्रमुख तकनीकी मूक में शहरी नियोजन से जुड़े कोर्स भी शामिल हैं।
बेहतर ढंग से करें चुनाव
टाउन प्लानिंग क्षेत्र अब केवल तकनीकी क्षेत्र तक सीमित नहीं रह गया है। आर्ट्स स्टूडेंट्स भी सही स्किल्स और कोर्स के माध्यम से इस क्षेत्र में कॅरियर बना सकते हैं। कॉलेज के साथ किए गए जीआइएस, डाटा एनालिसिस, स्मार्ट सिटी, अरबन स्टडीज जैसे शॉर्ट टर्म कोर्स योजनात्मक समझ को भी मजबूत करेंगे।
