मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए इस साल सिर्फ भारतीय पुरूष हॉकी टीम के उपकप्तान हार्दिक सिंह के नाम की सिफारिश की गई है। वहीं, अर्जुन अवॉर्ड के लिए 24 खिलाड़ियों के नाम चयन समिति ने तय किए हैं।
इनमें 19 साल की शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख, विदित गुजराती, डेकैथलॉन में इतिहास रचने वाले तेजस्विन शंकर और निशानेबाज मेहुली घोष शामिल हैं। इनके अलावा जिम्नास्ट प्रणति नायक और महिला बैडमिंटन की नंबर-1 जोड़ी त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद को भी इस सूची में जगह मिली है। इस बार की सूची में किसी भी क्रिकेटर का नाम नहीं है। पिछले साल तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को यह सम्मान मिला था।
खेल मंत्रालय द्वारा योगासन को आधिकारिक मान्यता दिए जाने के पांच साल बाद पहली बार इस खेल से किसी खिलाड़ी को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। इसके लिए आर्टी पाल नाम की सिफारिश की गई है। वे राष्ट्रीय और एशियाई चैंपियन हैं।
