मध्य प्रदेश राज्य निशानेबाजी अकादमी के खिलाड़ी विश्व चैंपियनशिप के रज पदक विजेता ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने मंगलवार को 68वीं निशानेबाजी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पुरूषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन फाइनल में 470.5 का विश्व रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक जीता।
ऐश्वर्य का स्कोर मौजूदा विश्व रिकार्ड से 1.6 अंक अधिक है। मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी में खेली जा रही इस प्रतियोगिता में ऐश्वर्य ने शुरूआत से ही शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वालिफाइंग में 597 के अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी की, जो उन्होंने हाल ही में दोहा में संपन्न हुए आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में बनाया था।
नौसेना के निशानेबाज नीरज कुमार ने 463.7 अंको के साथ रजत पदक जीता। इसी स्पर्धा में डेफ केटेगरी में मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी के खिलाड़ी कुशाग्र सिंह राजावत ने स्वर्ण पदक जीता।
