Thursday, December 18, 2025

1.46 लाख अभ्यर्थियों को झटका, 11 जनवरी को होने वाली सेट परीक्षा स्थगित

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने 11 जनवरी को प्रस्तावित स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (सेट) को बिना करण बताए स्थगित कर दिया है। आयोग की ओर से केवल इतना कहा गया है कि परीक्षा अपरिहार्य कारणों से टाली जा रही है। अचानक लिए गए इस फैसले से अभ्यर्थियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि कम से कम परीक्षा स्थगित करने की वजह तो स्पष्ट की जानी चाहिए थी। 


सेट परीक्षा इस बार इसलिए भी अहम मानी जा रही थी, क्योंकि बहुत जल्द असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा की अगली वैकेंसी आने वाली है। इस भर्ती की परीक्षा तीन चरणों में आयोजित होनी है और इसका शेड्यूल पहले ही जारी किया जा चुका है। ऐसे में जो अभ्यर्थी सेट क्वालिफाई करते, उन्हें सहायक प्राध्यापक भर्ती में अतिरिक्त वेटेज मिलने का लाभ मिलता। अब परीक्षा टलने से अभ्यर्थियों की रणनीति और तैयारी दोनों पर असर पड़ा है। 


इस बार सेट के लिए रिकॉर्ड 1 लाख 46 हजार आवेदन आए थे। प्रदेश के 12 संभागीय मुख्यालयों पर परीक्षा दोबारा कब होगी, इसे लेकर आयोग ने कोई नई तारीख घोषित नहीं की है। यह परीक्षा 31 विषयों के लिए 11 जनवरी 2025 को आयोजित होनी थी। 

Disclaimer : All rights including copyright belong to the original owner and we do not claim ownership of the content.