शिवपुरी: मेडिकल कॉलेज में शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब एक जूनियर डॉक्टर मयंक कुमार ने खुद के हाथ की नस चाकू से काट ली। इसके बाद उसे गंभारी हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हालांकि, उसने आत्महत्या करने की कोशिश क्यों की, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आ पाई है।
मेडिकल कॉलेज शिवपुरी का स्टूडेंट मयंक कुमार पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में बताया जा रहा है। डिप्रेशन का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे रैगिंग, मानसिक दबाव या कोई अन्य कारण हो सकता है। वहीं सूत्रों के अनुसार प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आ रही है।
इस घटना को लेकर मेडिकल कॉलेज मे जमकर बवाल मच गया। जूनियर डॉक्टरों ने मेन गेट बंद कर दिया, जिसकी वजह से मरीज परेशान होते रहे। वहीं जब मीडियाकर्मी इसकी कवरेज करने के लिए गए तो जूनियर डॉक्टरों ने उन पर भी हमला कर दिया। दो घंटे तक चले हंगामे के बीच पुलिस ने बमुश्किल मीडियाकर्मी को वहां से निकाला। कोतवाली टीआई कृपाल सिंह राठौड़ ने मौके पर पहुंचकर हालात को शांत कराया और छात्र को उपचार के लिए भर्ती कराया।
