Sagar: मध्यप्रदेश के सागर जिले जिले के रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत मैनाई गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गांव में 32 वर्षीय महिला और उसके दो नन्हे बच्चों के शव कमरे के भीतर फंदे से लटके मिले, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला रचना और उसके दो बेटे- पांच वर्षीय ऋषभ और दो वर्षीय राम घर के एक कमरे में मृत अवस्था में पाए गए। घटना का पता उस समय चला, जब खेत में काम कर लौटे परिजनों ने घर के भीतर असामान्य स्थिति देखी। कमरे में प्रवेश करते ही तीनों के शव फंदों पर लटके देख परिवार में कोहराम मच गया। परिजन तुरंत उन्हें नीचे उतारकर बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन बत तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर रहली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह आत्महत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
