Tuesday, December 2, 2025

जीवन बीमा और स्वास्थ्य बीमा में फर्क समझना क्यों है जरूरी

अक्सर लोग यह सोचते है कि इंश्योरेंस लेना मतलब निवेश करना। उन्हें लगता है कि जैसे बैंक में पैसे रखने या म्यूचुअल फंड में निवेश करने से रिटर्न मिलता है, वैसे ही इंश्योरेंस से भी अच्छा फायदा मिलता होगा। लेकिन असलियत यह है कि इंश्योरेंस का असली मकसद रिटर्न देना नहीं, बल्कि सुरक्षा देना है। यानी इंश्योरेंस एक 'इंवेस्टमेंट प्रोडक्ट नहीं बल्कि प्रोटेक्शन कवर' है।


जीवन बीमा (Life insurance)- जीवन बीमा आपके परिवार के लिए एक मजबूत सहारा है। अगर घर का कमाने वाला व्यक्ति अचानक दुनिया से चला जाए तो परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां जैसे बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च, लोन की किश्तें सब मुश्किल हो सकती हैं। ऐसे समय में जीवन बीमा की राशि परिवार को संभाल लेती है। आजकल टर्म इंश्योरेंस सबसे अच्छा माना जाता है, क्योंकि इसमें कम प्रीमियम में ज्यादा कवरेज मिलता है। यह साफ-साफ सिर्फ सुरक्षा देने के लिए बनाया गया है, निवेश के लिए नहीं। 

स्वास्थ्य बीमा (Health insurance)- आजकल इलाज का खर्च बहुत जल्दी बढ़ जाता है। एक छोटी सी सर्जरी भी लाखों रूपए का बिल ला सकती है। यदि अचानक किसी को अस्पताल में भर्ती होना पड़े और स्वास्थ्य बीमा न हो, तो पूरी बचत खत्म हो सकती है। 

हैल्थ इंश्योरेंस इस स्थिति से बचाता है। अस्पताल का खर्च बीमा कंपनी उठाती है और आपकी जेब पर बड़ा बोझ नहीं पड़ता। आपका परिवार आर्थिक रूप से सुरक्षित रहता है व मन में शांति रहती है कि मेडिकल इमरजेंसी में सुरक्षा है। 


महत्वपूर्ण सलाह (Important advice)- इंश्योरेंस निवेश नहीं, एक सुरक्षा कवच है। निवेश अलग रखें, ताकि पैसा बढ़े, इंश्योरेंस जरूर लें, अपना और परिवार का भविष्य सुरक्षित रखें। सही वित्तीय योजना में जीवन और स्वास्थ्य बीमा दोनों शामिल होना जरूरी है, क्योंकि निवेश भविष्य बनाता है और बीमा उस भविष्य को सुरक्षित रखता है।

Disclaimer : All rights including copyright belong to the original owner and we do not claim ownership of the content.