BHOPAL: 'समृद्ध वन खुशहाल वन' संदेश के साथ अंतराष्ट्रीय वन मेला 17 से 23 दिसंबर तक लालपरेड मैदान में आयोजित किया जा रहा है। बुधवार शाम इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। अकाष्ठीय वनोपज, ग्रामीण आजीविका और वन-आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित, 350 स्टॉल से सजे इस मेले में प्रदेश के जिला यूनियन, वन, वन धन केंद्र, जड़ी-बूटी संग्राहक, उत्पादक, आयुर्वेदिक औषधि निर्माता, परंपरागत भोजन सामग्री के निर्माता एवं विक्रेतागणों ने अपने उत्पादों से लोगो को लुभाया। मेले की शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी।
ऑर्गेनिक गुड़, शुद्ध शहद, मिलेट्स, आंवला लड्डू, मिलेट्स कुकीज, महुआ लड्डू, कच्ची धानी सरसो, आलसी तेल, अश्वगंधा चूर्ण, सतावर चूर्ण, आंवला चूर्ण, लहसून का आचार, बेल कैंडी, हनी-आंवला कैंडी, कोदो-कुटकी मिलेट्स जैसे उत्पादों के साथ ही एलोवेरा, नीम, गुलाब के हेंडमेड साबुन लोगों को पसंद आ रहे हैं। लोग लगे हाथों विभिन्न तरह के पौधों की भी खूब खरीदारी कर रहे है।
मेले में लोगों ने बाघ, लायन, तेंदुआ प्रिंट के टी-शर्ट, जैकेट्स, पर्स भी खूब पसंद किए। खास बात ये है कि टीशर्ट पर रेडियम प्रिंट है, जिससे कि ये रात को ग्लो करें। टाइगर, लेपर्ड फुट प्रिंट के कोस्टर, कीचेन, पेपर वेट आकर्षक हैं। स्टाइलिश वुडन गिलास काफी क्यूट है। लोगों ने वुडन से बने सामानों के स्टॉल्स में काफी दिलचस्पी दिखाई। सागौन की लकड़ी से बने मोर, कछुआ, पक्षी, हिरण जैसी कलाकृतियां बेहद खास हैं। इसमें राजाभोज की प्रतिमा, गणेश जी की मूर्ति अद्धुत है। अलग-अलग आकार और प्रकार के बर्ड हाउस भी लोगों को लुभा रहे है। बैम्बू से बने प्रोडक्ट्स जैसे पक्षियों और जानवरों की कलाकृतियां भी प्रदर्शित की गई हैं।
