Saturday, February 7, 2026

Under-19 World Cup 2026: भारत की ऐतिहासिक जीत, बिहार सरकार ने जताया गर्व

Bihar: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत और बिहार के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार पारी पर बिहार सरकार के नेताओं ने खुशी जताई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित राज्य सरकार के कई मंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों ने भारतीय टीम को बधाई दी और वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन की जमकर सराहना की।


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई। इस जीत पर पूरा देश हर्षित और गौरवान्वित है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को अनंत शुभकामनाएं दीं।


डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने एक्स पोस्ट में लिखा कि भारत की जूनियर क्रिकेट टीम भी विश्व चैंपियन बनी है। अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड पर शानदार जीत दर्ज कर टीम इंडिया ने देश को गौरवान्वित किया। उन्होंने विशेष रूप से बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी की 175 रनों की ऐतिहासिक पारी की प्रशंसा करते हुए इसे जीत को अविस्मरणीय बनाने वाला प्रदर्शन बताया।


केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय टीम के सभी युवा खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई। उनकी मेहनत और समर्पण ने हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।


बिहार सरकार में मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि यह गर्व की बात है कि बिहार का एक बेटा राज्य का नाम रोशन कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में क्रिकेट के लिए तैयार हो रही आधारभूत संरचना से भविष्य में और भी प्रतिभाएं सामने आएंगी।


बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर खिताब जीतना देश के लिए गर्व का क्षण है। इस ऐतिहासिक जीत में वैभव सूर्यवंशी की पारी निर्णायक रही, जो बिहार और देश के युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है।

Disclaimer : All rights including copyright belong to the original owner and we do not claim ownership of the content.