सिरोंज: विदिशा में आईटीसी मिशन सुनहरा कल, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन और शासकीय लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) कॉलेज के संयुक्त प्रयास से इकोसिस्टम प्रोग्राम एवं स्वामी विवेकानंद कैरियर गाइडेंस के अंतर्गत एक सुव्यवस्थित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें उद्योग जगत से सीधे जोड़ना रहा।
प्लेसमेंट ड्राइव में कुल 8 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। इनमें भोपाल, मंडीदीप, पीथमपुर और सानंद (गुजरात) जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों की कंपनियाँ शामिल रहीं। कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न चरणों में साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया संचालित की गई।
कॉलेज के 260 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की, जिनमें से 107 विद्यार्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ। चयनित विद्यार्थियों में भविष्य को लेकर उत्साह और आत्मविश्वास स्पष्ट दिखाई दिया।
इस अवसर पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि इकोसिस्टम प्रोग्राम का उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास, रोजगारपरक प्रशिक्षण और उद्योग जगत से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। ऐसे प्लेसमेंट आयोजन युवाओं के करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कॉलेज प्रशासन ने इस सफल आयोजन के लिए आईटीसी मिशन सुनहरा कल और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों के आयोजन हेतु सहयोग जारी रखने की बात कही।
यह कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर साबित हुई, जिसने उनके करियर को नई दिशा देने का मार्ग प्रशस्त किया।
