Sehore: मध्यप्रदेश के सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा आयोजित होने वाला भव्य रुद्राक्ष महोत्सव और शिवमहापुराण कथा 2026 में 14 से 20 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। कुबेरेश्वर धाम आयोजित होने वाले सात दिवसीय रूद्राक्ष महोत्सव एवं शिवमहापुराण कथा के दृष्टिगत पुलिस महानिरीक्षक श्री संजय तिवारी, कलेक्टर श्री बालागुरू के., उप पुलिस महानिरीक्षक श्री ओम प्रकाश त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक श्री दीपक कुमार शुक्ला ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कथा स्थल की सभी व्यवस्थाओं को देखा और पंडित प्रदीप मिश्रा, संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर आयोजन के संबंध में चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने भोजनशाला, कथा पंडाल, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग स्थल तथा कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि भोजनशाला में स्वच्छता, गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। कथा पंडाल को सुरक्षित एवं मजबूत बनाया जाए तथा कंट्रोल रूम को पूरी तरह क्रियाशील रखा जाए। चिकित्सा व्यवस्थाओं के संबंध में उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस, प्रशिक्षित चिकित्सकीय स्टाफ एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध रहें। उन्होंने कथा स्थल पर मिनी आईसीयू स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि गंभीर स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से स्थल का भ्रमण कर प्रगति की समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि कथा की सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से दुरूस्त हो, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धामय वातावरण प्राप्त हो सके। निरीक्षण के दौरान एएसपी श्रीमती सुनीता रावत, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा श्री समीर शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।
