भोपाल : मप्र लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की ओर राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक बनने की पात्रता के लिए आयोजित होने वाली राज्य पात्रता परीक्षा (सेट) 2025 की तारीख घोषित कर दी गई है।
यह परीक्षा एक मार्च को प्रदेश के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक होगा। इससे पहले यह परीक्षा 11 जनवरी को आयोजित किया जाना था, लेकिन उसी तारीख में एक दूसरी परीक्षा होने के कारण अभ्यर्थियों ने परीक्षा की तारीख बढ़ाने की मांग की थी। यह परीक्षा आफलाइन मोड में आयोजित होने की संभावना है।
इसमें मुख्य रूप से दो प्रश्न पत्र होंगे। पहला पेपर शिक्षण और अनुसंधान योग्यता और दूसरा पेपर चयनित ऐच्छिक विषय का होगा। इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी कालेजों में सहायक प्राध्यापक भर्ती के लिए पात्र माने जाएंगे। उच्च शिक्षा विभाग और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा के आयोजन के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रवेश पत्र परीक्षा से 10-15 दिन पहले वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे।
