Showing posts with label International. Show all posts
Showing posts with label International. Show all posts

Sunday, April 26, 2026

सामरिक स्थिति: ईरान ने नाकेबंदी के खिलाफ अपनी ताकत दिखाई

Iran: ईरान की मुख्य सैन्य कमान ‘खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर’ ने होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी जारी रहने पर करारा जवाब देने की चेतावनी दी है। ईरानी सेना ने इसे "समुद्री डकैती" करार देते हुए कहा कि वे संप्रभुता की रक्षा के लिए पहले से अधिक मजबूत हैं। 


ईरान का कहना है कि अमेरिकी सेना उसके बंदरगाहों की नाकेबंदी कर रही है और जहाजों को रोक रही है। खतम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर ने कहा कि अगर घुसपैठ और घेराबंदी जारी रही, तो ईरानी सशस्त्र बल करारा जवाब देंगे। 


ईरान का दावा है कि उसकी सेना अब पहले से कहीं अधिक तैयार और सक्षम है। बताया गया है कि अमेरिकी डिस्ट्रॉयर 'यूएसएस राफेल पेराल्टा' ने एक ईरानी पोत को रोका, जिससे तनाव बढ़ा। 

Saturday, March 28, 2026

अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने विदेश मंत्री जयशंकर और रुबियो से की मुलाकात

अमेरिका के विदेश सचिव मार्को रुबियो G7 विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए फ्रांस पहुंचे। इस मौके पर रुबियो का साथ देने के लिए भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी फ्रांस पहुंचे। फ्रांस में उन्होंने रुबियो के साथ-साथ भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से मुलाकात की। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी।


मुलाकात की तस्वीरें की साझा

मुलाकात की तस्वीरें साझा कर राजदूत गोर ने लिखा, “फ्रांस में G7 मंत्री स्तरीय मीटिंग के लिए के साथ जुड़कर खुशी हुई। हमारे सहयोगियों और साझेदारों के साथ अच्छी चर्चा हुई।” अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने G7 देशों के विदेश मंत्रियों के साथ इस बैठक में कहा कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान समय-सीमा के अनुसार या उससे आगे चल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसके लक्ष्य महीनों नहीं, बल्कि कुछ हफ्तों में पूरे हो जाएंगे। हालांकि, ये बात अमेरिकी सरकार ने पहले भी कही है।


मिशन की शुरुआत से ही स्पष्ट रूपरेखा तय: रुबियो

रुबियो ने कहा कि इस मिशन की शुरुआत से ही स्पष्ट रूपरेखा तय की गई थी। उन्होंने कहा, “हम ईरान की नौसेना को नष्ट करेंगे, उनकी वायुसेना को नष्ट करेंगे। हम मूल रूप से उनकी मिसाइल और ड्रोन बनाने की क्षमता को उनकी फैक्ट्रियों में खत्म कर देंगे।” उन्होंने जोड़ा कि इस अभियान का उद्देश्य “मिसाइल लॉन्चरों की संख्या को काफी कम करना” है, ताकि ईरान “इनके पीछे छिपकर परमाणु हथियार बनाने और दुनिया को धमकाने” में सक्षम न रहे।


रुबियो ने कहा कि प्रगति लगातार हो रही है। “हम इस ऑपरेशन में समय-सीमा के अनुसार या उससे आगे हैं और उम्मीद है कि इसे उचित समय पर महीनों में नहीं, बल्कि कुछ हफ्तों में पूरा कर लिया जाएगा। प्रगति बहुत अच्छी है।”


लक्ष्यों को बिना किसी ग्राउंड टूप्स के हासिल किया: रुबियो

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जमीनी सैनिकों की जरूरत नहीं होगी। इन लक्ष्यों को बिना किसी ग्राउंड टूप्स के हासिल किया जा सकता है। रुबियो ने ऑपरेशन के बाद संभावित जोखिमों की भी चेतावनी दी, खासकर होर्मुज स्ट्रेट में, जो वैश्विक तेल आपूर्ति का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। उन्होंने कहा कि ईरान वहां टोल प्रणाली लागू करने की कोशिश कर सकता है, जिसे उन्होंने “अवैध,” “अस्वीकार्य,” और “दुनिया के लिए खतरनाक” बताया।

Wednesday, March 11, 2026

खाड़ी देशों से अधिक उड़ानें संचालित करेंगी Indian Airlines

भारतीय एयरलाइंस बुधवार को युद्ध प्रभावित खाड़ी क्षेत्र से और अधिक उड़ानें संचालित करने के लिए तैयार हैं। केंद्र सरकार पश्चिम एशिया क्षेत्र में चल रहे घटनाक्रम और इसके भारत व उस क्षेत्र के बीच हवाई यात्रा पर संभावित प्रभाव पर करीबी नजर बनाए हुए है। एयरलाइनों की परिचालन योजनाओं के अनुसार, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस 12 मार्च से रियाद के लिए उड़ानें संचालित करेंगी जबकि इंडिगो उसी तिथि से मुंबई-रियाद-मुंबई सेवाएं शुरू करेगी।


नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने जारी बयान में कहा, “स्पाइसजेट को क्षेत्र में सतत परिचालन सुरक्षा और लचीलापन सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक हवाईअड्डा अनुमोदन प्राप्त करने में सुविधा दी गई है। आकासा एयर को सलाह दी गई है कि वह मुंबई-रियाद-मुंबई सेवाओं की अपनी योजनाबद्ध शुरुआत को प्रचलित परिचालन परिस्थितियों के अनुरूप समायोजित करे, जिसे 12 मार्च से संचालन शुरू करने के लिए निर्धारित किया गया है।”


एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस 11 मार्च को पश्चिम एशिया क्षेत्र के लिए और वहां से कुल 58 निर्धारित व अनिर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी। एयरलाइन के अनुसार, दोनों एयरलाइंस 11 मार्च को जेद्दा और मस्कट के लिए और वहां से अपनी निर्धारित सेवाओं को जारी रखेंगी। जेद्दा के लिए कुल 8 उड़ानें संचालित करेंगी और एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट के लिए 14 निर्धारित उड़ानें संचालित करेगी।


9 मार्च के परिचालन डेटा के अनुसार, भारतीय वाहकों द्वारा संचालित 45 आगमन उड़ानें पश्चिम एशिया से भारत पहुंचीं, जिनमें 7,407 यात्री सवार थे।


नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं और तेज व समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित हितधारकों के साथ सीधे जुड़ाव बनाए हुए हैं। मंत्रालय ने कहा, “एयरलाइंस विकसित हो रही स्थिति के अनुसार उचित परिचालन प्रबंध कर रही हैं, जिसमें यात्री सुरक्षा और सेवाओं की निरंतरता प्राथमिक विचार बने हुए हैं।”


डीजीसीए ने अतिरिक्त आगमन और प्रस्थान स्लॉट की सुविधा देने और मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का उपयोग दुबई, अबू धाबी, शारजाह, रास अल खैमाह, अल-अलन, फुजैरा, शारजाह, जेद्दा और मदीना सहित गंतव्यों के लिए मार्गगत वैकल्पिक हवाईअड्डे के रूप में करने की अनुमति देने के लिए संबंधित प्राधिकरणों के साथ समन्वय किया है।


मंत्रालय ने कहा कि वह एयरलाइनों और अन्य संबंधित हितधारकों के साथ नियमित समन्वय बनाए रख रहा है ताकि यात्रियों का आवागमन सुव्यवस्थित रूप से जारी रहे। टिकट दरों की भी बारीकी से निगरानी की जा रही है ताकि टिकट कीमतें उचित बनी रहें और इस अवधि के दौरान कोई अनुचित वृद्धि न हो।


यात्री अपने उड़ान समय और यात्रा प्रबंधों के नवीनतम अपडेट के लिए अपनी-अपनी एयरलाइन से संपर्क बनाए रखें। मंत्रालय स्थिति की समीक्षा करता रहेगा और आवश्यकतानुसार आगे जानकारी प्रदान करेगा।

Disclaimer : All rights including copyright belong to the original owner and we do not claim ownership of the content.