Vidisha: राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाए जाने के निर्णय के अंतर्गत जिले में जागरूकता गतिविधियों का सिलसिला निरंतर जारी है। प्रदेशभर में वर्षभर 38 प्रकार की गतिविधियों के आयोजन की रूपरेखा तय की गई है। इसी क्रम में कृषकों के सम्मान, विभागीय योजनाओं की जानकारी अंतिम किसान तक पहुँचाने तथा जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज शनिवार 31 को विदिशा में कृषि विभाग द्वारा भव्य मोटर साइकिल रैली का आयोजन किया गया।
रैली को रवीन्द्रनाथ टैगोर भवन से विदिशा विधायक श्री मुकेश टंडन, जिला पंचायत के कृषि सभापति श्री धनराज सिंह दांगी (अन्नू), विदिशा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री वीर सिंह रघुवंशी (कक्का) एवं एसडीएम श्री क्षितिज शर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली दोपहर 12 बजे प्रारंभ होकर अहमदपुर चौराहा, पीतलमील चौराहा, ओवर ब्रिज, खरी फाटक रोड, कांच मंदिर, तिलक चौक, एम.एल.बी. कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, डंडापुरा, गुलाब वाटिका, न्यू बस स्टैंड, नीमताल होते हुए पुनः ओवर ब्रिज के रास्ते रवीन्द्रनाथ टैगोर भवन पहुंची, जहाँ दोपहर 1:30 बजे इसका समापन हुआ।
रैली में लगभग 150 मोटर साइकिलों पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में कृषक एवं व्यापारी शामिल हुए। रैली के अग्रभाग में कृषि रथ चल रहा था तथा डीजे पर देशभक्ति गीतों के साथ कृषि योजनाओं के प्रचार-प्रसार संबंधी नारों की तख्तियां लगाई गई थीं। प्रमुख नारों में “संतुलित खाद अपनाएं, मिट्टी की जांच कराएं”, “पराली नहीं, अब खाद बनेगी—धरती मां की किस्मत जगेगी”, “बूंद-बूंद से करो सिंचाई, इसमें है किसान की भलाई”, “लंबी कतारों से खुद को बचाएंगे, ई-टोकन अपनाएंगे” जैसे संदेश शामिल थे।
कार्यक्रम में कृषि विभाग एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रभारी उप संचालक कृषि श्री महेन्द्र कुमार ठाकुर, जिला विपणन अधिकारी श्रीमती राखी रघुवंशी, एसआरएलएम परियोजना प्रबंधक श्री संजय चौरसिया, सचिव कृषि उपज मंडी श्रीमती नीलकमल वैद्य, प्रबंधक एमपी एग्रो श्री मनोहन उइके, जिला सलाहकार डॉ. डी.के. तिवारी, सहायक कृषि यंत्री श्री राहुल खातरकर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री विशाल यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
इस रैली के माध्यम से किसानों को शासन की योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं संसाधनों के उपयोग के प्रति जागरूक करने का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया।
