मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के अंतर्गत संचालित एवं एन.सी.एच.एम.सी.टी. (NCHMCT), नोएडा से मान्यता प्राप्त स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (एस.आई.एच.एम.), इंदौर होटल उद्योग में भविष्य बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है। संस्थान में शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विशेष रूप से वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए संस्थान स्तर पर 'डायरेक्ट एडमिशन' (सीधे प्रवेश) का प्रावधान रखा गया है।
प्रवेश परीक्षा एवं प्रक्रिया- सत्र 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 दिसंबर 2025 से जारी है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम (JEE) आगामी 25 अप्रैल 2026 को ऑनलाइन होगा। इस परीक्षा में न्यूमेरिकल एबिलिटी, रीजनिंग, सामान्य ज्ञान और इंग्लिश जैसे विषयों पर प्रश्न पूछे जाएंगे।
रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम और वैश्विक मान्यता- संस्थान के प्राचार्य डॉ. वी.के. सिंह ने बताया कि राऊ स्थित यह संस्थान जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से मान्यता प्राप्त तीन वर्षीय बीएससी हॉस्पिटैलिटी एंड होटल एडमिनिस्ट्रेशन डिग्री प्रदान करता है। इसके अलावा, 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए अल्पकालिक डिप्लोमा और क्राफ्ट्समैनशिप सर्टिफिकेट कोर्स भी उपलब्ध हैं, जिनमें फूड प्रोडक्शन, बेकरी, हाउसकीपिंग और फ्रंट ऑफिस जैसे विषय शामिल हैं।
प्रमुख सुविधाएं और प्लेसमेंट- संस्थान की सबसे बड़ी विशेषता इसकी 100 प्रतिशत कैंपस प्लेसमेंट रिकॉर्ड है। यहाँ के विद्यार्थियों का चयन ओबेरॉय, ताज, आईटीसी, मैरियट और रिलायंस जैसे प्रतिष्ठित समूहों में होता है। विद्यार्थियों को चौथे सेमेस्टर में विदेशी इंटर्नशिप का विकल्प भी दिया जाता है। संस्थान आधुनिक छात्रावास, वाई-फाई, अनुभवी फैकल्टी और परिवहन जैसी सुविधाओं से सुसज्जित है। आरक्षित वर्ग के छात्रों के लिए शासन की नियमानुसार छात्रवृत्ति भी उपलब्ध है।
विकास की असीम संभावनाएं- इंदौर शहर अपनी स्वच्छता, सुरक्षित वातावरण और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के कारण शिक्षा के लिए विद्यार्थियों की पहली पसंद है। यहाँ से प्रशिक्षण प्राप्त छात्र मैनेजमेंट ट्रेनी के रूप में 25 से 30 हजार रुपये प्रतिमाह के शुरुआती वेतन पर करियर शुरू कर सकते हैं, जो अनुभव के साथ जनरल मैनेजर जैसे उच्च पदों तक पहुंचता है। होटल उद्योग के साथ-साथ यहाँ के छात्र एयरलाइंस, बैंकिंग, रिटेल और इवेंट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में भी सफल करियर बना रहे हैं।