प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत आयोध्या की तीर्थ यात्रा हेतु रायसेन जिले के 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों से 24 फरवरी 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना की पात्रता रखने वाले शहरी क्षेत्र के आवेदक नगरीय निकाय में तथा ग्रामीण क्षेत्र के आवेदक संबंधित जनपद पंचायत में कार्यालयीन दिवसों, अवधि में आवेदन जमा कर सकते है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत रायसेन जिले के 779 तीर्थ यात्री अयोध्या तीर्थ दर्शन के लिए ट्रेन के माध्यम से 10 मार्च को रवाना होंगे तथा तीर्थदर्शन उपरांत 13 मार्च को वापस रायसेन आएंगे। तीर्थयात्रियों के साथ 16 अनुरक्षक और पांच सुरक्षाकर्मी भी रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना मध्य प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई एक अनूठी पहल है, जो 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों (महिलाओं के लिए 2 वर्ष की छूट के साथ) को जीवन में एक बार देश के विभिन्न तीर्थ स्थलों की निःशुल्क यात्रा कराती है। इसके तहत आईआरसीटीसी के माध्यम से विशेष ट्रेन द्वारा बद्रीनाथ, रामेश्वरम, कामाख्या जैसे स्थानों की यात्रा, भोजन और आवास की व्यवस्था सरकार करती है।
योजना के मुख्य विवरण:
- उद्देश्य:- वरिष्ठ नागरिकों को बिना किसी आर्थिक बोझ के तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान करना।
- पात्रता:- 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र के नागरिक, जो मध्य प्रदेश के मूल निवासी हों और आयकर दाता न हों।
- सुविधाएं:- विशेष ट्रेन/हवाई यात्रा, भोजन, ठहरने की व्यवस्था, और आवश्यक होने पर बस परिवहन।
- यात्रा गंतव्य:- रामेश्वरम, द्वारका, वैष्णो देवी, तिरुपति, जगन्नाथपुरी, कामाख्या, और अयोध्या धाम जैसे प्रमुख स्थल।
- आवेदन प्रक्रिया:- इसके लिए आवेदन जिला कार्यालय या नगरीय निकाय कार्यालय के माध्यम से जमा किया जा सकता है।
इस योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को सुखद बनाना और उनके आध्यात्मिक सपनों को पूरा करना है।
