Sehore: शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्कूल हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत सीहोर में 03 दिवसीय उमंग कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किशोर एवं किशोरियों से जुड़ी शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक समस्याओं की पहचान, समझ और उनके निदान के लिए शिक्षकों को सशक्त बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान किशोरावस्था में होने वाले परिवर्तनों, स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों, संवाद कौशल तथा संवेदनशील विषयों को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से प्रस्तुत किया गया।
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर डॉ. मंगलेश जायसवाल, श्रीमती सुनीता शर्मा, श्रीमती मधु शर्मा एवं श्रीमती नीलू शर्मा द्वारा विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने गतिविधि आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को विद्यालय स्तर पर बच्चों की समस्याओं को पहचानने एवं समय पर उचित मार्गदर्शन देने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में जिले के अनेक स्कूलों के हेल्थ एवं वेलनेस एंबेसडर शिक्षकों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
