नई दिल्ली: भारत के उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन ने आज उपराष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में पुस्तक “आरएसएस @100: ए सेंचुरी ऑफ सर्विस, यूनिटी एंड सैक्रिफाइस” का आधिकारिक विमोचन किया। यह पुस्तक वरिष्ठ राजनीतिक नेता श्री श्याम जाजू और श्री अनुपम त्रिवेदी द्वारा सह-लिखित है।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में लिखी गई यह पुस्तक संघ के इतिहास, राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान और सेवा कार्यों को रेखांकित करती है।

पुस्तक के विमोचन के अवसर पर वक्ताओं ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की एक सदी लंबी यात्रा पर प्रकाश डाला। यह पुस्तक दर्शाती है कि कैसे 1925 में अपनी स्थापना के बाद से संघ ने देश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक चेतना को जगाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रभात प्रकाशन द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक पाठकों को संघ के सेवा कार्यों और इसके वैचारिक सफर को करीब से समझने का मौका देती है।

इस गरिमामयी विमोचन कार्यक्रम में देश की कई बड़ी राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां शामिल हुईं। मुख्य अतिथियों में केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष श्री विजेंद्र गुप्ता, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष श्री राम बहादुर राय, आरएसएस क्षेत्र संघचालक श्री पवन जिंदल, सह-लेखक श्री श्याम जाजू और श्री अनुपम त्रिवेदी तथा प्रभात प्रकाशन के प्रबंध निदेशक श्री प्रभात कुमार उपस्थित थे।