नई दिल्ली: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) ने आज नई दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में एक महत्वपूर्ण दो दिवसीय राष्ट्रीय समीक्षा बैठक (चिंतन शिविर) का शुभारंभ किया। इस दो दिवसीय राष्ट्रीय बैठक का उद्घाटन केन्द्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव द्वारा किया गया।
इस चिंतन शिविर का मुख्य उद्देश्य आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी पीएम-जेएवाई) और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के देशव्यापी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा करना है।
उद्घाटन सत्र के दौरान श्री प्रतापराव जाधव ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) की वार्षिक रिपोर्ट के साथ-साथ जिला कार्यान्वयन इकाई (डीआईयू), लाभार्थी सशक्तिकरण (बीई) तथा अस्पताल सूचीकरण मॉड्यूल (एचईएम) से संबंधित दिशानिर्देशों के विस्तृत विवरण जारी किए। इन प्रकाशनों का उद्देश्य कार्यक्रम के क्रियान्वयन को सुदृढ़ करना, परिचालन दक्षता में सुधार लाना तथा राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में मानकीकरण को बढ़ावा देना है।
source: PIB

0 Comments