Vidisha: जिला चिकित्सालय विदिशा में आयुष्मान भारत "निरामयम्" योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लगातार निःशुल्क, कैशलेस एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। अस्पताल में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण बड़ी संख्या में मरीज इसका लाभ उठा रहे हैं। अप्रैल 2026 से 17 जुलाई 2026 तक के आंकड़े बताते हैं कि जिले में योजना के प्रति लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है और अधिकाधिक पात्र नागरिक उपचार के लिए आयुष्मान भारत "निरामयम्" योजना का लाभ ले रहे हैं।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस अवधि में Beneficiary Identification System (BIS) के माध्यम से कुल 379 हितग्राहियों का सफल सत्यापन किया गया, जबकि Transaction Management System (TMS) के अंतर्गत 3,117 मरीजों को कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया। इससे पात्र परिवारों को उपचार के दौरान किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ा और उन्हें समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हुईं।

इसके अतिरिक्त RAHAT योजना के अंतर्गत 26 सड़क दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल एवं निःशुल्क उपचार प्रदान किया गया। इस व्यवस्था के कारण दुर्घटना के बाद उपचार शुरू करने में आर्थिक कारणों से किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हुई और पीड़ितों को समय रहते आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मई एवं जून माह में योजना के लाभार्थियों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की गई, जो नागरिकों में योजना के प्रति बढ़ते विश्वास तथा जिला चिकित्सालय द्वारा पारदर्शी, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रमाण है। वहीं जुलाई माह के केवल 17 दिनों में ही 480 मरीजों को कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया तथा 75 नए हितग्राहियों का BIS सत्यापन किया गया, जो अस्पताल की कार्यकुशलता और सेवाओं की प्रभावशीलता को दर्शाता है।

जिला चिकित्सालय विदिशा का लक्ष्य प्रत्येक पात्र हितग्राही को आयुष्मान भारत "निरामयम्" योजना के अंतर्गत समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। अस्पताल प्रशासन ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपना आयुष्मान कार्ड बनवाकर एवं उसका अधिकतम उपयोग कर योजना का लाभ उठाएं। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए नागरिक जिला चिकित्सालय स्थित आयुष्मान हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।

Source: DPR