भोपाल। संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा ने महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा है कि शिशु मृत्यु दर (IMR) और मातृ मृत्यु दर (MMR) को न्यूनतम स्तर पर लाने के लिए दोनों विभाग एकीकृत और समन्वित रूप से कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि जमीनी स्तर पर सघन अभियान चलाकर सकारात्मक और दृश्यमान परिणाम सुनिश्चित करें।

यह निर्देश संभागायुक्त श्री शर्मा ने शुक्रवार को संभागायुक्त कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग की एक संयुक्त समीक्षा बैठक के दौरान दिए।

14 जुलाई से शुरू होने वाले 'दस्तक अभियान' पर विशेष फोकस

बैठक में आगामी 14 जुलाई से प्रारंभ होने वाले 'दस्तक अभियान' की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि इस अभियान के दौरान महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग आपसी तालमेल से विशेष ध्यान दें। अभियान के अंतर्गत 5 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, कुपोषण की पहचान, एनीमिया, निमोनिया और डायरिया जैसी बीमारियों की समय पर जांच व उपचार सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी जरूरतमंद बच्चा स्वास्थ्य लाभ से वंचित न रहे।

संयुक्त बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित

इस महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक में संयुक्त आयुक्त श्री विनोद यादव, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक सहित दोनों विभागों के सभी संबंधित जिला एवं संभाग स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। संभागायुक्त ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ शासन की प्राथमिकताओं और जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन समय-सीमा में करने के निर्देश दिए।