भोपाल: सिविल अस्पताल बैरागढ़ में मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को रोगी कल्याण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। क्षेत्रीय विधायक श्री रामेश्वर शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में अस्पताल में दी जा रही वर्तमान सेवाओं की समीक्षा की गई। साथ ही चिकित्सालय के उन्नयन (अपग्रेडेशन) और सेवाओं के विस्तारीकरण पर विस्तृत चर्चा कर कई अहम निर्णय लिए गए।
नवीन भवन के लिए जुटेंगे संसाधन
बैठक में चिकित्सालय के नवनिर्मित भवन को सर्वसुविधायुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया। विधायक रामेश्वर शर्मा ने नए भवन के लिए आवश्यक आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, नए फर्नीचर और जरूरी मानव संसाधन (स्टाफ) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। रोगी कल्याण समिति की बैठक में विधायक शर्मा ने मरीजों और उनके परिजनों की सहूलियत के लिए अपनी विधायक निधि से 3-सीटर चेयर (कुर्सियां) उपलब्ध कराने की तत्काल स्वीकृति दी।
सोनोग्राफी और परिजनों के ठहरने की मिलेगी सुविधा
क्षेत्रीय जनता को बड़ी राहत देते हुए अस्पताल में जल्द ही सोनोग्राफी सेवा प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में ठहरने की उचित व्यवस्था करने और अस्पताल की मुख्य सड़क के त्वरित निर्माण कार्य को लेकर भी कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में यह अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:डॉ. मनीष शर्मा (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, भोपाल)डॉ. जे. के. जैन (अस्पताल अधीक्षक)नगर निगम, एम पी ई बी (विद्युत मंडल), पुलिस विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने बैठक में अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर सख्त लहजा अपनाया। उन्होंने साफ तौर भविष्य की बैठकों में कार्यपालिका अधिकारियों (Executive Officers) की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की किये जानें एवं सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में सभी विकास कार्यों और निर्देशों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

0 Comments