भोपाल। राजधानी भोपाल में डेंगू और चिकुनगुनिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मरीजों की सुविधा और समय पर जांच सुनिश्चित करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने एक अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नए निर्देशों के तहत, भोपाल जिले की सभी पांचों सेंटिनेल साइट्स (जांच केंद्र) अब सप्ताह के सातों दिन निरंतर चालू रहेंगी।

मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

आमतौर पर सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार या अवकाश के दिनों में विशेष जांचें प्रभावित होती थीं। लेकिन डेंगू और चिकुनगुनिया के सकारात्मक (पॉजिटिव) प्रकरणों में आ रही तेजी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि मरीजों को जांच रिपोर्ट के लिए इंतजार न करना पड़े और उनका इलाज तुरंत शुरू हो सके।

इन 5 सेंटिनेल साइट्स पर सातों दिन होगी जांच:

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जारी निर्देशानुसार जिले की पाँचों सेंटिनेल साइट्स अब सप्ताह के सातों दिन निरंतर क्रियाशील रहेंगी। इन प्रमुख केंद्रों—अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), भोपाल मेमोरियल अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (BMHRC), गांधी चिकित्सा महाविद्यालय (GMC), जयप्रकाश (JP) चिकित्सालय तथा सिविल अस्पताल बैरागढ़ में मरीजों के लिए एलाइजा (ELISA) टेस्ट की सुविधा प्रतिदिन निर्बाध रूप से उपलब्ध होगी।

स्वास्थ्य विभाग की अपील

सीएमएचओ कार्यालय ने आम जनता से अपील की है कि तेज बुखार, जोड़ों में दर्द, सिरदर्द या शरीर पर रैशेज (चकत्ते) जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी सेंटिनेल साइट पर जाकर निशुल्क जांच कराएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें और अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने दें।