विदिशा (मानोरा)। ग्राम मानोरा में ऐतिहासिक और पारंपरिक भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी जी की रथ यात्रा मेले का आयोजन 15 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस भव्य धार्मिक उत्सव में विदिशा जिले सहित आसपास के कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने आवश्यक सुविधाओं के साथ-साथ जनसेवा संबंधी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की हैं।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार मेले में आधार पंजीयन एवं आधार अपडेट के लिए पृथक काउंटर स्थापित किए गए हैं। इन काउंटरों पर नए आधार कार्ड बनवाने, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर सहित अन्य आवश्यक संशोधन एवं अद्यतन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे मेले में आने वाले नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए अलग से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी, पात्र हितग्राहियों का मार्गदर्शन तथा आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य धार्मिक आयोजन के साथ-साथ जनसेवा को भी प्रभावी रूप से जोड़ना है, ताकि श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मेले में उपलब्ध शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा आवश्यकता होने पर आधार पंजीयन एवं अपडेट की सुविधा का भी उपयोग करें। साथ ही प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शांतिपूर्वक दर्शन करें, मेला परिसर में स्वच्छता बनाए रखें और किसी भी सहायता के लिए ड्यूटी पर तैनात प्रशासनिक कर्मचारियों या पुलिस सहायता केंद्र से संपर्क करें।

0 Comments