हरदा। मध्य प्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल द्वारा यूनिसेफ के सहयोग से सत्र 2026-27 के लिए पूर्व-प्राथमिक शिक्षा (ईसीसीई-अर्ली चाइल्डहूड केयर एण्ड एजुकेशन) विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह महत्वपूर्ण प्रशिक्षण जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), बागरुल, जिला हरदा में आयोजित किया गया था।
शिक्षकों ने सीखीं आधुनिक शिक्षण पद्धतियां
इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न सीएम राइज विद्यालयों, मॉडल स्कूलों और बाल वाटिकाओं से जुड़े शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) के अनुरूप 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के समग्र विकास के गुर सिखाए गए।
खेल और गतिविधियों पर रहा विशेष ध्यान
प्रशिक्षण में खेल-आधारित शिक्षण, गतिविधि आधारित अधिगम (Activity-Based Learning), बच्चों के भाषाई व संज्ञानात्मक विकास और बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि कैसे खेल-खेल में बच्चों को बुनियादी शिक्षा से जोड़ा जा सकता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन मुख्य मास्टर ट्रेनर श्रीमती अर्चना भैंसारे एवं श्री नीरज बिल्लौरे द्वारा किया गया। प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागियों से फीडबैक प्राप्त किया गया एवं सभी प्रतिभागी शिक्षकों को उज्ज्वल भविष्य और स्कूलों में इस पद्धति को लागू करने के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

0 Comments