विदिशा: असंगठित क्षेत्र के नागरिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा और वित्तीय स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की दिशा में आज एक बड़ा कदम उठाया गया। होटल रिवर साइड-इन, विदिशा में 'NPS संचय' आउटरीच कार्यक्रम का अत्यंत भव्य और सफल आयोजन संपन्न हुआ।

इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) के लाभों के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करना था। साथ ही, इसका लक्ष्य श्रमिकों, किसानों और छोटे दुकानदारों को सशक्त बनाना है ताकि वे 60 वर्ष की आयु के बाद सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।

विशेष सत्रों के दौरान पीएफआरडीए के सहायक प्रबंधकों ने एनपीएस में निवेश की पारदर्शी प्रक्रिया और फंड मैनेजर के चयन से जुड़े तकनीकी पहलुओं के बारे में बहुत ही आसान भाषा में बताया। वहीं, कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने समझाया कि यह योजना आम नागरिकों के लिए निवेश के जटिल विकल्पों को समाप्त करती है। यह एक बेहद सरल, डिफॉल्ट निवेश ढांचा प्रदान करती है जो बाजार की गहरी समझ के बिना भी स्वचालित रूप से बेहतर रिटर्न सुनिश्चित करता है।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में वित्तीय और बैंकिंग जगत के कई अधिकारियों ने उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें नाबार्ड (NABARD) की उप महाप्रबंधक (DGM) श्रीमती जगप्रीत कौर, एसएलबीसी (SLBC) भोपाल के सहायक महाप्रबंधक (AGM) श्री पंकज कुमार, मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक (MPGB) की क्षेत्रीय प्रबंधक (R.M.) सु.श्री. रेखा तिवारी तथा जिला अग्रणी बैंक मुख्य प्रबंधक (CM) श्री बी.एस. बघेल मुख्य रूप से शामिल रहे। इनके साथ ही पीएफआरडीए (PFRDA) मुख्यालय से आए सहायक प्रबंधक (AM) श्री शुभम खंडेलवाल एवं सहायक प्रबंधक (AM) श्री सुविज्ञ कुमार ने भी कार्यक्रम में अपनी तकनीकी विशेषज्ञता साझा की।