Bhopal: भोपाल जिले की जनपद पंचायत फंदा में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (PM POSHAN) योजना के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय 'कुक कम हेल्पर (रसोइया सह सहायक) कुकिंग कॉम्पिटिशन' का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (Mid-Day Meal) बनाने वाले स्व सहायता समूहों की रसोइया महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती इला तिवारी और जनपद पंचायत फंदा की सीईओ श्रीमती शिवानी मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान चयन समिति और अतिथियों ने रसोइयों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न पारंपरिक व नवोन्मेषी व्यंजनों का स्वाद चखा।

जनपद सीईओ श्रीमती शिवानी मिश्रा ने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल एक स्पर्धा नहीं है, बल्कि हमारे स्कूलों में भोजन बनाने वाले 'किचन हीरोज' की कला को सम्मान देने और बच्चों की सेहत को बेहतर बनाने की एक अनूठी पहल है। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती इला तिवारी ने सभी रसोइयों की पाक कला की सराहना करते हुए स्कूलों में इसी प्रकार स्वच्छता और पौष्टिकता बनाए रखने के निर्देश दिए।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वाद और स्वच्छता में सुधार करना है। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के बीआरसी, संकुल प्राचार्य, मध्याह्न भोजन प्रभारी, जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में स्व सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।