बिहार के नालंदा जिले की ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी राजगीर में विश्व प्रसिद्ध 'मलमास मेला 2026' का भव्य शुभारंभ 17 मई से होने जा रहा है, जो 15 जून 2026 तक चलेगा। ब्रह्मकुंड परिसर स्थित यज्ञशाला में ध्वजारोहण, देवी-देवताओं के आवाहन और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के साथ इस ऐतिहासिक मेले का आगाज होगा, जिसका उद्घाटन बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।
सनातन मान्यताओं के अनुसार, मलमास (अधिकमास या पुरुषोत्तम मास) के एक महीने के दौरान स्वर्ग के सभी 33 करोड़ देवी-देवता राजगीर में निवास करते हैं। वायु पुराण के अनुसार, मलमास के दौरान राजगीर की पवित्र सरस्वती नदी या ब्रह्मकुंड में एक दिन का स्नान, गंगा नदी में वर्ष भर स्नान करने के बराबर पुण्य फल देता है। इस एक महीने की अवधि में हिंदू धर्म में कोई भी मांगलिक या शुभ कार्य (जैसे विवाह, मुंडन आदि) नहीं किए जाते हैं और पूरा समय केवल जप-तप, पूजा-पाठ और दान-पुण्य में बिताया जाता है।
