NEET UG परीक्षा अगले शैक्षणिक वर्ष (2027) से पूरी तरह ऑनलाइन यानी कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। हाल ही में हुए NEET UG 2026 पेपर लीक विवाद और परीक्षा रद्द होने के बाद, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए यह ऐतिहासिक फैसला लिया गया है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि गड़बड़ियों की मूल जड़ ऑफलाइन OMR शीट व्यवस्था थी, जिसे अब पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। नीट यूजी पेपर रद्द होने के बाद सरकार ने नई परीक्षा तिथि घोषित कर दी है। उन्होंने बताया कि NEET UG 2026 का री-एग्जाम 21 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। री-टेस्ट के लिए नए एडमिट कार्ड 14 जून 2026 तक NTA द्वारा जारी कर दिए जाएंगे। परीक्षा रद्द होने के कारण अभ्यर्थियों से ली गई परीक्षा शुल्क वापस की जाएगी और पुनर्परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
2027 से छात्रों को पेन-एंड-पेपर के बजाय कंप्यूटर स्क्रीन पर परीक्षा देनी होगी। इससे प्रिंटिंग प्रेस से लेकर परीक्षा केंद्रों तक पेपर के फिजिकल ट्रैवल की जरूरत नहीं रहेगी और लीक का खतरा खत्म होगा। ऑनलाइन मोड में आने से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन स्वचालित होगा, जिससे परीक्षा के परिणाम भी जल्दी घोषित हो सकेंगे।
