उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 4,60,559 छात्र-छात्राओं के खातों में 148.04 करोड़ रुपए की राशि भेजी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल शुरुआत है और इस वर्ष 70 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम में योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में युवाओं के सामने पहचान का संकट था। दंगे और कर्फ्यू होते थे तथा कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापारी और बेटियां असुरक्षित महसूस करते थे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश बीमारू राज्य की पहचान से बाहर निकलकर रेवेन्यू सरप्लस स्टेट और देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है। उन्होंने कहा, “नो कर्फ्यू, नो दंगा, अब यूपी में है सब चंगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है और अगले छह महीने में एक लाख और युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं हो रही हैं, परिणाम जारी हो रहे हैं और युवाओं को नौकरियां मिल रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 11 छात्र-छात्राओं को अपने हाथों से छात्रवृत्ति प्रमाणपत्र भी प्रदान किए। मुख्यमंत्री के हाथों प्रमाणपत्र मिलने पर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई।

0 Comments