ओटावा: कनाडा के एडमिंटन से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पंजाब के लुधियाना की रहने वाली 23 वर्षीय युवती दमनप्रीत कौर की उसके लिव-इन पार्टनर ने गला घोंटकर हत्या कर दी। यह वारदात बीते 9 जुलाई की बताई जा रही है।
स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रितेश कुमार (22) को सेकंड डिग्री मर्डर (हत्या) के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रितेश मूल रूप से भारत की राजधानी दिल्ली का रहने वाला है।
मृतक दमनप्रीत कौर के परिजनों पर इस घटना के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, दमनप्रीत करीब पांच साल पहले स्टडी वीजा (पढ़ाई) पर कनाडा गई थीं। मिडिल क्लास परिवार ने अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर जिंदगी के सपने संजोकर भारी कर्ज लेकर उसे विदेश भेजा था। लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस बेटी को उन्होंने इतनी उम्मीदों के साथ विदा किया था, वह अब कभी लौटकर नहीं आएगी।
पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी रितेश से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है। इस घटना ने कनाडा में रह रहे भारतीय छात्रों और प्रवासियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

0 Comments