Indore: कलेक्टर कार्यालय के ई-दक्ष केंद्र में सोमवार को 'कर्मयोगी कर्त्तव्य कार्यक्रम' और 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टूल्स कार्यशाला' का शानदार आगाज हुआ।

कार्यशाला के पहले दिन आयुष विभाग के चिकित्सा अधिकारियों, सीएएमओ (CAMO) और पैरामेडिकल कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों को प्रशासनिक और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए आधुनिक एआई टूल्स की बारीकियां सिखाई गईं। एक्सपर्ट्स ने बताया कि कैसे एआई तकनीक का सही इस्तेमाल कर रोजमर्रा के सरकारी कामकाज को और अधिक सटीक, तेज और पारदर्शी बनाया जा सकता है। कार्यशाला को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों में भारी उत्साह देखा गया।

कलेक्टर कार्यालय के ई-दक्ष केंद्र में चल रही कार्यशाला के दौरान सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक कार्य संस्कृति (वर्क एनवायरनमेंट) का पाठ पढ़ाया गया। प्रशिक्षण में स्वयं की क्षमताओं की पहचान, टीमवर्क, प्रभावी संवाद और कार्यस्थल पर बेहतर प्रदर्शन करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न ग्रुप एक्टिविटीज और सामूहिक चर्चा के जरिए प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और एक-दूसरे के विचारों से नई चीजें सीखीं।

भोपाल की नरोन्हा अकादमी ने तैयार किया है मॉड्यूल

यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल द्वारा तैयार किए गए मॉड्यूल के अनुसार आयोजित किया जा रहा है। अकादमी के निर्देशानुसार इंदौर जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए चरणबद्ध (फेजवाइज) तरीके से इस प्रकार की कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।

एआई टूल्स की दी गई प्रैक्टिकल जानकारी

कार्यशाला का सफल संचालन वरिष्ठ प्रशिक्षक श्री अतुल कुमार पाण्डेय एवं प्रशिक्षक सुश्री जागृति चौहान ने किया। उन्होंने उपस्थित स्टाफ को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर आधारित विभिन्न टूल्स, उनकी उपयोगिता और प्रशासनिक कार्यों को आसान बनाने में उनके प्रभावी उपयोग की प्रैक्टिकल जानकारी दी।

आयुष विभाग के 23 अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

जिला आयुष अधिकारी डॉ. हंसा बारिया ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में आयुष विभाग के डॉ. जितेन्द्र भालसे, डॉ. कमलेश पाटील, डॉ. राकेश गुप्ता, डॉ. पुष्पा गोथवाल, डॉ. नेहा भाना, डॉ. रागिनी शिवहरे, डॉ. अनीता खलखो और श्रीमती रीना प्रजापत सहित कुल 23 चिकित्सा अधिकारी, सीएएमओ एवं पैरामेडिकल कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।