लखनऊ। निवेदिता सभागार कक्ष, कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा, लखनऊ में उ०प्र० (पूर्व) परिमंडल के दूरसंचार सेवाप्रदाताओं के लिए एक महत्वपूर्ण टेलीकॉम उपभोक्ता आउटरीच कार्यक्रम (Consumer Outreach Programme) आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम मोबाइल और इंटरनेट उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और डिजिटल युग में सुरक्षित रहने के तौर-तरीके सिखाना था।
वित्तीय और विनियामक मुद्दों पर विमर्श
कार्यक्रम के दौरान दूरसंचार क्षेत्र से जुड़े कई तकनीकी और वित्तीय अनुपालनों पर विस्तार से चर्चा की गई:
- लाइसेंस शुल्क और स्पेक्ट्रम शुल्क: सेवाप्रदाताओं को सरकारी राजस्व और लाइसेंस शुल्क के समयबद्ध भुगतान से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई।
- डिजिटल प्लेटफॉर्म (SARAS): टेलीकॉम ऑपरेटरों के लिए वित्तीय प्रक्रियाओं को सरल बनाने वाले आधिकारिक पोर्टल के उपयोग पर तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया।
- बैंक गारंटी और समाधान: सेवाप्रदाताओं की बैंक गारंटी (BG) के नवीनीकरण, उसे जमा करने और बैंक संबंधी मामलों के त्वरित निपटारे पर संवाद हुआ।
- TOFC: सेवाप्रदाताओं को नई प्रारंभ कि गई “TOFC” (Telecom Operator Facilitation Centre) तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई, इन सुविधाओं के द्वारा लाइसेंसधारी अपनी समस्याओं एवं प्रश्नों के समाधान के लिए विभाग से तुरंत संपर्क कर मदद ले सकते हैं।
इस विशेष आउटरीच कार्यक्रम की अध्यक्षता सुश्री दीपाली गुप्ता, संयुक्त नियंत्रक संचार लेखा, उ०प्र० (पूर्व), लखनऊ ने की। आयोजन में मुख्य रूप से कार्यालय के लेखाधिकारी सुशील मौर्य, सहायक लेखाधिकारी श्री अभिषेक कुमार पाण्डेय व श्री गोविन्द मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों, उत्तर प्रदेश (पूर्व) परिमंडल के सभी प्रमुख दूरसंचार सेवाप्रदाताओं (TSPs) और उनके प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग लिया।

0 Comments