ब्रिटेन | क्रिकेट में, भारतीय महिला टीम ने आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 से पहले अपने पहले अभ्यास मैच में शानदार जीत दर्ज की है। ब्रिटेन के कार्डिफ में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज को 26 रन से हरा दिया।
इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 179 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से मध्यक्रम की बल्लेबाज भारती फुलमाली ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए महज 40 गेंदों में नाबाद 56 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने भी 39 रनों का अहम योगदान दिया।
180 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम भारतीय स्पिन गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। कैरेबियाई टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 153 रन ही बना सकी। भारत की तरफ से ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 36 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जबकि बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव ने 25 रन देकर 3 विकेट लिए।
भारतीय टीम अब कल यानी बुधवार को अपने दूसरे और आखिरी अभ्यास मैच में मेजबान इंग्लैंड का सामना करेगी। इसके बाद, भारतीय टीम रविवार, 14 जून को एजबेस्टन में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मैच से अपने विश्व कप अभियान की आधिकारिक शुरुआत करेगी।

0 Comments