मध्य प्रदेश के वन्यजीव मुख्यालय ने वन एवं वन्यजीव संरक्षण अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए इंटरपोल के रेड नोटिस वाले तीन फरार अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करों पर कुल 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (STSF) की जांच और इन अपराधियों की गंभीर अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों को देखते हुए इंटरपोल द्वारा पहले ही इनके खिलाफ रेड नोटिस जारी किए जा चुके हैं।


जेई तमांग (उर्फ पासंग लिमी) पर 1 लाख रुपये का सर्वोच्च इनाम घोषित किया गया है। यह दिल्ली के मजनू का टीला का निवासी है और वर्ष 2015 में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (नर्मदापुरम) में हुए बाघों के अवैध शिकार और उनके अंगों की अंतरराष्ट्रीय तस्करी के मामले में फरार है। ढरके लामा (उर्फ टरके लामा) नेपाल के हुमला जिले का निवासी और इसी बाघ शिकार मामले का सह-आरोपी, जिस पर 50,000 रुपये का इनाम रखा गया है। रहमान तालुकदार (उर्फ अल हाज मोहम्मद शफीकुल इस्लाम) बांग्लादेश का यह तस्कर किंगपिन कछुओं और लुप्तप्राय घड़ियालों की सीमा पार तस्करी सिंडिकेट चलाने का आरोपी है, जिस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित है।


मुख्यालय द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, तस्करों की गिरफ्तारी या उनके संबंध में सटीक सूचना देने वाले व्यक्तियों को यह इनाम राशि प्रदान की जाएगी। वन्यजीव मुख्यालय ने आम जनता से अपील की है कि यदि इन वांछित अपराधियों के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत इन सरकारी मोबाइल नंबरों पर सूचित करें: 9424792115, 9424797059, 9424797031 (सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।)