योजना का नाम : सामान्य पंजीयन योजना

पात्रता मापदण्ड : जन्म-मृत्यु की घटना घटित होने पर

आवेदन कैसे करें : जिस स्थान पर जन्म-मृत्यु घटना हुई है, उससे संबंधित जन्म-मृत्यु पंजीयन इकाइयों में।

नोडल अधिकारी : आयुक्त, आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय, मध्यप्रदेश

जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रीकरण : मध्यप्रदेश में जन्म-मृत्यु पंजीयन कार्य जन्म- मृत्यु रजिस्ट्रीकरण अधिनियम, 1969 एवं संशोधित अधिनियम, 2023 तथा मध्यप्रदेश जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रीकरण नियम, 1999 के प्रावधानों के तहत किया जाता है। वर्तमान व्यवस्था के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य में जनवरी 2004 से जन्म-मृत्यु पंजीयन कार्य ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत के माध्यम से क्रियान्वित हो रहा है। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को रजिस्ट्रार एवं पंचायत सचिव/कर्मी को उप रजिस्ट्रार घोषित किया गया है। मध्यप्रदेश के शहरी क्षेत्रों में जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रेशन का कार्य नगरपालिका निगम/नगरपालिका परिषद/नगर पंचायत, केंटोनमेंट बोर्ड एवं शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं के माध्यम से संपन्न हो रहा है। जन्म-मृत्यु के पंजीयन के लिए सूचना देने का दायित्व घर के मुखिया, संस्था, होस्टल, धर्मशाला, छात्रावास आदि में इनके भारसाधक अधिकारियों का है।

इसके अतिरिक्त ग्राम कोटवार, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, आँगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं प्रायमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक को सूचनादाता नियुक्त किया गया है।

मध्यप्रदेश में दिनांक 01.05.2015 से ऑनलाइन जन्म-मृत्यु पंजीयन का कार्य प्रारंभ हो चुका है। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लोक सेवा प्रबंधन विभाग की अधिसूचना दिनांक 01 अप्रैल, 2013 द्वारा जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन की सेवाओं को जोड़ा गया है। जन्म-मृत्यु पंजीयन को प्रदेश में ऑनलाइन और अधिक सरल करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा दिनांक 27.05.2024 को Revamped CRS Portal लागू किया गया है।

जन्म-मृत्यु की पंजीयन व्यवस्था

  • जन्म अथवा मृत्यु की जानकारी अपने नगर के नगर निगम/नगरपालिका/नगर पंचायत अथवा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत में 21 दिनों के अंदर देकर निःशुल्क जन्म अथवा मृत्यु का प्रमाण पत्र प्राप्त करें।
  • जन्म-मृत्यु की घटना के 21 दिनों के पश्चात एवं 10 वर्ष के भीतर विलम्ब शुल्क एक रुपये एवं 10 वर्ष से अधिक की अवधि के लिये 20 रुपये प्रति विलम्बित पंजीयन के लिए विलम्ब शुल्क देकर प्रमाण पत्र प्राप्त किया जा सकता है।
  • 30 दिन के पश्चात तथा एक वर्ष की अवधि की घटना के पंजीयन के लिए जिला रजिस्ट्रार को निर्धारित आवेदन पत्र के साथ शपथ पत्र प्रस्तुत करने पर अनुमति प्राप्त होगी एवं विलम्ब शुल्क जमा कर प्रमाण पत्र प्राप्त किया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्र में यह अधिकार मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत को प्रदत्त किए गए हैं।
  • एक वर्ष के पश्चात की घटनाओं के पंजीयन के लिए क्षेत्र के कार्यपालिक मजिस्ट्रेट से अनुमति प्राप्त कर रजिस्ट्रार कार्यालय में विलम्ब शुल्क जमा कर प्रमाण पत्र प्राप्त किया जा सकता है।
  • नामकरण नहीं होने की दशा में नामकरण पश्चात बच्चे का सही नाम जन्म के 24 माह के अंदर दर्ज कराने की व्यवस्था है।
  • त्रुटि सुधार मात्र रजिस्ट्रार द्वारा ही किया जा सकता है।

जन्म पंजीयन प्रमाण पत्र की आवश्यकता

  • जन्म तारीख एवं स्थान का एक मात्र प्रामाणिक दस्तावेज।
  • स्कूल में प्रवेश के समय आवश्यक।
  • राशन कार्ड में नाम दर्ज करवाने के लिए आवश्यक।
  • विदेश यात्राओं के लिये आवश्यक।
  • मतदान अधिकार प्राप्त करने के लिए।
  • वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने के लिए।
  • जीवन बीमा कराने में सहायक।
  • बच्ची के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड एवं टीकाकरण के लिए।
  • देश की वर्तमान जनसंख्या की स्थिति ज्ञात करने के लिए।

मृत्यु प्रमाण पत्र की आवश्यकता

  • पैतृक संपत्ति के निराकरण में उपयोगी।
  • न्यायालयीन कार्यवाही में मृत्यु के साक्ष्य के रूप में।
  • जीवन बीमा, बैंक खातों आदि के लिये उपयोगी।
  • दुर्घटना आदि में मृत्यु होने पर मुआवजा प्राप्ति में आवश्यक।
  • मृत्यु के कारणों का पता लगाकर इसके निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने में सहायक।
  • मृत्यु की तारीख का प्रामाणिक दस्तावेज ।