रांची: झारखंड की दो राज्यसभा सीटों पर होने वाले आगामी द्विवार्षिक चुनाव के लिए सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। नामांकन के अंतिम दिन, सोमवार को सत्तारूढ़ इंडिया (INDIA) गठबंधन के घटक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने विधानसभा सचिव के समक्ष अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की ओर से पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम और कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ नेता प्रणव झा ने पर्चा भरा। वहीं, मैदान में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में परिमल नाथवानी की एंट्री से अब मुकाबला बेहद रोचक हो गया है। परिमल नाथवानी की मैदान में मौजूदगी के बाद अब राज्य में 'क्रॉस वोटिंग' और राजनीतिक जोड़-तोड़ की आशंकाएं बढ़ गई हैं, जिससे कांग्रेस प्रत्याशी के लिए चुनौती बढ़ सकती है।

JMM और कांग्रेस उम्मीदवारों के नामांकन के दौरान खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस पर्यवेक्षक भूपेश बघेल और गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता एकजुटता दिखाने के लिए विशेष रूप से मौजूद रहे।

सत्तारूढ़ इंडिया (INDIA) ब्लॉक गठबंधन के पास कुल 56 विधायक हैं (JMM-34, कांग्रेस-16, राजद-4, भाकपा-माले-2)। JMM अपने 34 विधायकों के दम पर एक सीट सुरक्षित मान रही है, जबकि दूसरी सीट पर कांग्रेस को गठबंधन के अतिरिक्त मतों की जरूरत होगी। विपक्षी एनडीए (NDA) ब्लॉक बीजेपी और सहयोगियों के पास कुल 24 विधायक हैं।