प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की सहायता राशि तीन समान किश्तों में प्रदान की जाती है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए हितग्राहियों का ई-केवायसी, आधार लिंकिंग, बैंक खाते का डीबीटी हेतु इनेवल तथा फार्मर आईडी होना आवश्यक है।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 30 जून तक बायोमेट्रिक ई-केवाईसी प्रक्रिया को पूर्ण करना अनिवार्य है। बिना ई-केवाईसी कराए किसानों की अगली किस्त की राशि अटक सकती है। जिन किसानों का मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं है, वे इसका लाभ उठा सकते हैं।
ई-केवाईसी कैसे पूरी करें?
1. बायोमेट्रिक ई-केवाईसी (कॉमन सर्विस सेंटर - CSC):
यदि आपका मोबाइल नंबर आधार कार्ड से लिंक नहीं है या आप ऑनलाइन करने में असमर्थ हैं, तो अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाएं। फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैन (आँखों की पुतली) के माध्यम से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण करके इसे पूरा करवाएं।
2. फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरा स्कैन करके):
गूगल प्ले स्टोर से PM-KISAN मोबाइल ऐप और Aadhaar Face RD ऐप डाउनलोड करें। ऐप में लॉग इन करके 'ई-केवाईसी' विकल्प चुनें और अपना आधार नंबर दर्ज करें। कैमरे के सामने अपना चेहरा स्कैन करके प्रक्रिया को पूरा करें।
3. ओटीपी आधारित ई-केवाईसी (ऑनलाइन):
आधिकारिक पीएम-किसान पोर्टल पर जाएं। 'फार्मर कॉर्नर' में जाकर e-KYC आइकन पर क्लिक करें। अपना आधार नंबर और आधार से लिंक मोबाइल नंबर दर्ज करें। प्राप्त ओटीपी (OTP) दर्ज कर सबमिट करें।
