अचानक गायब हुये इंदौर नवदंपती 6 दिनों के बाद भी पुलिस खाली हाथ

May 29, 2025 • OM thapa

शिलांग- शिलांग में लापता इंदौर शहर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम का छह दिन बाद भी पता नहीं चला। बुधवार को पुलिस ने ड्रोन कैमरा और खोजी श्वान खाई में उतारा, मगर वर्षा के कारण सर्च आपरेशन रोकना पड़ा। पता लगा है कि नवदंपती करीब चार हजार सीढ़िया नीचे उतरे थे। लौटने में ढ़ाई हजार सीढ़ियां चढ़ी और अचानक लापता हो गए। उनकी अंतिम लोकेशन भी इसी जगह की मिली है।


इंदौर के 30 वर्षीय राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी गत 11 मई को ही हुई थी। दोनों 22 मई को बेंगलुरू होते हुए हनीमून मनाने मेघालय गए। राजा के भाई सचिन के मुताबिक राजा और शिलांग के ईस्ट ओसरा हिल्स क्षेत्र में रूके थे। 23 मई को अंतिम बार मां उमा से बातचीत की थी। उन्होंने कहा था कि वे आगे बढ़ रहे हैं। इसके बाद उनका फोन भी बंद हो सकता है।


राजा के एक भाई विपिन और सोनम के भाई गोविंद शिलांग में ही उन्हें खोजने पहुंचे हुए हैं। वे स्थानीय लोगों और पुलिस के साथ सर्चिग में जुटे हैं। इंदौर के सांसद शंकर लालवानी भी शिलांग में ही रूके हैं। बुधवार को पुलिस ने ड्रोन कैमरा और खोजी श्वान भी लगाया, मगर वर्षा शुरू हो गई और सर्च आपरेशन रोकना पड़ा। विपिन ने बताया राजा और सोनम हिल स्टेशन पर आए थे। डबल डेकर नामक इस स्थान पर करीब ढाई हजार सीढ़ियां नीचे लोग घूमने जाते है। पता लगा है कि राजा भी नीचे उतरे। वह लौटकर भी गए थे।